अम्बाला छावनी नागरिक अस्पताल में गूंजा ‘परिवार नियोजन’ का संदेश, नुक्कड़ नाटक के जरिए आमजन को किया जागरूक
अम्बाला छावनी नागरिक अस्पताल में गूंजा 'परिवार नियोजन' का संदेश, नुक्कड़ नाटक के जरिए आमजन को किया जागरूक
अम्बाला छावनी नागरिक अस्पताल में गूंजा ‘परिवार नियोजन’ का संदेश, नुक्कड़ नाटक के जरिए आमजन को किया जागरूक


अम्बाला छावनी, 13 जुलाई 2026: स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा’ के अंतर्गत आज नागरिक अस्पताल, अम्बाला छावनी के परिसर में एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत श्री रामचन्द्र रोहिल्ला एंड पार्टी द्वारा “परिवार नियोजन” विषय पर एक बेहद प्रभावशाली और शिक्षाप्रद नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। यह कार्यक्रम पी एम ओ डॉक्टर पूजा पैंटल कि देख रेख मे आयोजित किया गया | इस नाटक को देखने के लिए अस्पताल में आए मरीजों और उनके तीमारदारों की भारी भीड़ उमड़ी।
कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय, संवादों और लोकगीतों के माध्यम से उपस्थित आमजन को छोटे परिवार के लाभ, परिवार नियोजन के विभिन्न साधन, स्वस्थ परिवार और देश के विकास के लिए जनसंख्या स्थिरीकरण के महत्व के प्रति बेहद सरल ढंग से जागरूक किया। नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि मां और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए दो बच्चों के जन्म में सही अंतराल होना कितना आवश्यक है।
नागरिक अस्पताल एस एम ओ डॉक्टर रचना बंसल द्वारा श्री रामचन्द्र रोहिल्ला एंड पार्टी की इस उत्कृष्ट प्रस्तुति और प्रेरणादायक सहयोग की सराहना करते हुए उन्हें विशेष प्रशंसा प्रमाण-पत्र भेंट किया। आर एम ओ डॉक्टर पंकज सैनी ने कहा कि इस तरह के पारंपरिक और मनोरंजक आयोजनों से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर विषयों का संदेश सीधे आम जनता के दिलों तक पहुंचता है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में बेहद मददगार साबित होता है। नागरिक अस्पताल में आयोजित इस विशेष जागरूकता कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सा विशेषज्ञ मुख्य रूप से मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉक्टर बलविंदर कौर, डॉक्टर मंजू धीमान और डॉक्टर चित्रा शर्मा, डॉक्टर रजनी सैनी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। डॉक्टरों की इस कोर टीम के साथ-साथ अस्पताल का समस्त नर्सिंग स्टाफ भी कार्यक्रम में पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहा।
सभी चिकित्सा अधिकारियों ने इस नुक्कड़ नाटक की सराहना की और कहा कि ‘जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा’ के तहत अस्पताल में आने वाले ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करने में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की यह संयुक्त भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



