
हरियाणा में जैसे ही कैबिनेट मंत्री अनिल विज को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ, सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। राजनीति में गब्बर के नाम से मशहूर अनिल विज अब कोई भी बड़ा फैसला ले सकते हैं। हालांकि अभी करीबी सूत्र कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। विज फिलहाल बंगलोर गए हुए है और 11 फरवरी को देर शाम चंडीगढ़ लौटेंगे।

अनिल विज दिल्ली गए थे और वहां मीटिंग में शामिल भी हुए थे लेकिन उसके बाद ना तो उनका कोई औपचारिक बयान आया है और ना ही अभी तक जो कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है उस पर भी वो कुछ बोले हैं। लेकिन जिस तरह से अनिल विज के पिछले दिनों बयान आए उनमें अनिल विज ने खुद कहा कि वह नहीं बोलते उनकी आत्मा बोलती है, अब सबके सामने सवाल है कि उनकी आत्मा अब क्या बोलेगी?

बड़ा सवाल यह है कि जिस तरीके से उनकी आत्मा बोलती है वो अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं, ऐसे में उनका फैसला भी बड़ा चौंकाने वाला हो सकता है। क्योंकि अनिल विज सात बार के विधायक है और उस समय से भाजपा पार्टी के विधायक है जब हरियाणा में भाजपा का कोई नामलेवा नहीं होता था और विज अपनी खुद्दारी के लिए जाने जाते है।विज ने हमेशा न्याय और पार्टी के स्वाभिमान की लड़ाई लड़ी है और वो एक ही बात कहते हैं कि मैं पार्टी का अनन्य भक्त हूं पार्टी जहां ड्यूटी लगाएगी वो उस ड्यूटी को बखूबी निभाएंगे उन्हें किसी पद की लालसा नहीं है और न ही कभी उन्होंने कोई पद की मांग की है।

ऐसे में सवाल उठता है की क्या अनिल विज अब भी अपनी आत्मा की आवाज सुनेंगे और पार्टी से किनारा करेंगे। उनके जानने वाले काफी लोग यही कहते हैं कि अनिल विज बेबाक अंदाज के आदमी है, और जिस तरीके से उन्होंने पार्टी को पिछले कई सालों से अपना समय और अनुभव दिया है, उसके बाद अगर उन्हें ऐसे कोई नोटिस मिलते हैं, तो वह कोई बड़ा फैसला जरूर लेंगे और इस फैसले में उनका सिर्फ मंत्री पद से ही नहीं बल्कि पार्टी से भी इस्तीफा हो सकता है।

आपको बता दें कि अनिल विज ने पिछले दिनों बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली से इस्तीफा मांग लिया था, वही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी उन्होंने तीखे वार किए। आज जो उनको कारण बताओ नोटिस जारी किया है उनमें भी यही इस बात का जिक्र है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि मीडिया के द्वारा जब भी उनसे यह सवाल पूछे गए कि आप बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली और सीएम नायब सिंह सैनी पर सवाल उठा रहे हैं तो उन्होंने साफ-साफ यही कहा कि मैं नहीं बोल रहा मेरी आत्मा बोल रही है।

इतना ही नहीं अनिल विज ने हाल ही में कुछ दिन पहले ही मीडिया को जब बयान दिया था तो उसमें पुष्पा स्टाइल भी किया था। ऐसे में आप अंदाजा लगा सकते हैं कि अनिल विज जब पुष्पा स्टाइल में जवाब दे सकते हैं तो फैसला भी वैसा ही हो सकता है। अब यह तो आने वाला समय ही बताया कि तीन दिन के अंदर वह कारण बताओं नोटिस का जवाब देते हैं या फिर पार्टी या मंत्री पद से इस्तीफा देते हैं या फिर हरियाणा की राजनीति में गब्बर कोई नया भूचाल लाएंगे अब ये सभी बातें राजनीति के गर्भ में है और अब पूरे हरियाणा की नजरें विज के बयान पर टिकी है कि आने वाले समय में विज की आत्मा की आवाज क्या होगी



