भाई की सर्जरी के बीच मित्र धर्म निभाने पहुंचे ऊर्जा मंत्री अनिल विज, जेपी नड्डा का किया स्वागत
भाई की सर्जरी के बीच मित्र धर्म निभाने पहुंचे ऊर्जा मंत्री अनिल विज, जेपी नड्डा का किया स्वागत
भाई की सर्जरी के बीच मित्र धर्म निभाने पहुंचे ऊर्जा मंत्री अनिल विज, जेपी नड्डा का किया स्वागत

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का अम्बाला पहुंच आत्मीय स्वागत किया। अनिल विज विशेष रूप से जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे और दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच आत्मीय मुलाकात हुई।
यह मुलाकात केवल राजनीतिक शिष्टाचार तक सीमित नहीं रही, बल्कि दोनों नेताओं के बीच दशकों पुराने व्यक्तिगत और पारिवारिक संबंधों की भी झलक देखने को मिली। अनिल विज और जेपी नड्डा लंबे समय से एक-दूसरे के करीबी मित्र हैं। भारतीय जनता पार्टी और संगठन के संघर्ष के दिनों में दोनों ने साथ मिलकर कार्य किया और उसी दौर में उनके बीच गहरा विश्वास और आत्मीयता का रिश्ता बना, जो आज भी पूरी मजबूती से कायम है।
दोनों परिवारों के बीच भी वर्षों से बेहद आत्मीय संबंध रहे हैं। अनिल विज की माताजी के जीवित रहने तक जेपी नड्डा जब भी हिमाचल प्रदेश से अंबाला आते थे, तो विज के अंबाला छावनी स्थित निवास पर अवश्य रुकते थे। वे माताजी का आशीर्वाद लिए बिना कभी वापस नहीं लौटते थे। यही पारिवारिक अपनापन आज भी दोनों नेताओं के संबंधों की विशेष पहचान माना जाता है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार सुबह ही अनिल विज के बड़े भाई राजेंद्र विज (लगभग 70 वर्ष) की फोर्टिस मोहाली अस्पताल में सफल बाईपास सर्जरी की गई। सर्जरी के दौरान और उसके बाद अनिल विज पूरे समय अस्पताल में मौजूद रहे तथा चिकित्सकों से लगातार अपने भाई के स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे। व्यस्त परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर वर्षों पुराने मित्र और पारिवारिक संबंधों का निर्वहन भी किया।
इस दौरान अनिल विज के छोटे भाई कपिल विज सहित परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल में मौजूद रहे। पूरा परिवार विशेषज्ञ चिकित्सकों के संपर्क में रहा और राजेंद्र विज के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता रहा।
अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में राजेंद्र विज का उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी बाईपास सर्जरी सफल रही है तथा स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। परिवार ने अस्पताल के चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राजेंद्र विज शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होकर अपने घर लौटेंगे।
