अंबाला बागवानी विभाग की सब्सिडी हड़पने वाले पांच कर्मचारी गिरफ्तार

सरकारी अनुदान राशि में लाखों के गबन का मामला: आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की बड़ी कार्रवाई,
आरोपियों ने मिलीभक्त करके हड़पी थी राशि,
अम्बाला पुलिस ने रिमांड के दौरान गबन की गई राशि बरामद करने की शुरू की प्रक्रिया,
अम्बाला पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की टीम ने निरीक्षक परमवीर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए बागवानी विभाग में सरकारी सब्सिडी के नाम पर लाखों रुपये का गबन करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले का विवरण,
आर्थिक अपराध शाखा के निरीक्षक परमवीर ने बताया कि 28 जनवरी 2025 को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के अनुसार, जिला बागवानी अधिकारी कार्यालय, अम्बाला के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों ने निजी व्यक्तियों व किसानों के साथ मिलीभगत कर एक बड़ा घोटाला रचा था। आरोपियों ने वर्ष 2023 से लगातार विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत किसानों को मिलने वाली अनुदान राशि (सब्सिडी) को अवैध रूप से हड़प लिया था। इस संबंध में थाना अम्बाला शहर में मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान,
पुलिस दल ने साक्ष्यों के आधार पर निम्नलिखित 5 आरोपियों को काबू किया है:
हैप्पी सिंह,नवनीत,शिवम,राजेश कुमार,गुरविन्द्र सिंह,
न्यायिक कार्यवाही व रिमांड,
पुलिस ने सभी आरोपियों को दिनांक 10-04-2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपियों से पूछताछ करेगी ताकि गबन की गई राशि की रिकवरी की जा सके।
अम्बाला पुलिस भ्रष्टाचार के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है और जनता के हक पर डाका डालने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।



