नशे की बरामद खेप को खुर्द-बुर्द करने के आरोप में ASI गिरफ्तार, पुलिस सेवा से भी बर्खास्त…
नशे की बरामद खेप को खुर्द-बुर्द करने के आरोप में ASI गिरफ्तार, पुलिस सेवा से भी बर्खास्त...
नशे की बरामद खेप को खुर्द-बुर्द करने के आरोप में ASI गिरफ्तार, पुलिस सेवा से भी बर्खास्त…

हरियाणा के सिरसा जिले से पुलिस महकमे को बदनाम करने वाला मामला सामने आया है। जिस पुलिस पर नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जिम्मेदारी होती है, उसी विभाग का एक कर्मचारी अब नशे की खेप में हेराफेरी के आरोप में सलाखों के पीछे पहुंच गया है।
जानकारी के अनुसार सिरसा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ASI को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने पुलिस द्वारा बरामद की गई अफीम की खेप में से कुछ मात्रा खुर्द-बुर्द कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित एएसआई को हरियाणा पुलिस की सेवा से बर्खास्त भी कर दिया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
सिरसा के ASP आदर्शदीप सिंह ने बताया कि सिरसा पुलिस ने कुछ दिन पहले करीब 90 किलो अफीम की बड़ी खेप बरामद की थी। इस कार्रवाई को जिले की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस को संदेह हुआ कि बरामद की गई अफीम की खेप में से कुछ मात्रा गायब की गई है।
मामले की गहन जांच शुरू की गई तो जांच की सुई पुलिस विभाग के ही एक एएसआई रणबीर सिंह की ओर घूम गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एएसआई रणबीर सिंह ने कथित तौर पर बरामद अफीम में से कुछ हिस्सा अवैध तरीके से बाहर निकाला और उसे दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाया। मामले के उजागर होते ही सिरसा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही विभागीय स्तर पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए उसे हरियाणा पुलिस की नौकरी से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया।
एएसआई रणबीर सिंह से अफीम लेने वाले व्यक्ति को फतेहाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अब दोनों मामलों को जोड़कर जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर यह नशीला पदार्थ किस नेटवर्क के माध्यम से आगे सप्लाई किया जाना था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
सिरसा पुलिस अब आरोपी एएसआई रणबीर सिंह को अदालत में पेश कर उसका पुलिस रिमांड हासिल करेगी। रिमांड के दौरान उससे विस्तार से पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह जानने का प्रयास करेगी कि उसने कितनी मात्रा में अफीम को खुर्द-बुर्द किया, यह नशीला पदार्थ किसे दिया गया और इसके पीछे उसका उद्देश्य क्या था।



