CIA नारायणगढ़ ने 120 किलो 800 ग्राम चूरापोस्त व ट्रक सहित आरोपी किया गिरफ्तार

CIA नारायणगढ़ की बड़ी कार्रवाई: प्लास्टिक दाने/पाउडर की आड़ में हो रही नशीले पदार्थों की तस्करी का भंडाफोड़; 120 किलो 800 ग्राम चूरापोस्त व ट्रक सहित आरोपी गिरफ्तार,
नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत CIA नारायणगढ़ की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में ‘कमर्शियल’ मात्रा का नशीला पदार्थ (चूरापोस्त) बरामद कर एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी प्लास्टिक दाने/पाउडर की आड़ में नशे की खेप छुपाकर ले जा रहा था।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई,
CIA नारायणगढ़ के सहायक उप-निरीक्षक अमन कुमार, अरुण कुमार व उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में नशा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने शाहबाद-अधोया रोड पर चौधरी ढाबा के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर जब उसकी गहनता से तलाशी ली गई, तो प्लास्टिक दाने के कट्टों के बीच में छुपाकर रखे गए चूरापोस्त के बैग बरामद हुए।
120 किलो 800 ग्राम चूरापोस्त बरामद,
पुलिस टीम द्वारा बरामद किए गए चूरापोस्त का वजन करने पर कुल मात्रा 120 किलो 800 ग्राम पाई गई। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ और ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जगजोत सिंह उर्फ जोत (निवासी खान अहमदपुर, थाना मुलाना, जिला अंबाला) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ,
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह राजस्थान, गुजरात वगैरा से होते हुए आया है और उसे हिमाचल प्रदेश जाना था। आरोपी के खिलाफ थाना बराड़ा में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
रिमांड पर लेकर मुख्य सरगना की होगी तलाश,
पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि नशे की यह बड़ी खेप कहाँ सप्लाई की जानी थी और इस नेटवर्क का मुख्य सरगना कौन है। सीआईए प्रभारी उप निरीक्षक जरनैल सिंह ने कहा कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



