
पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को मौके पर ही दिए समाधान के निर्देश

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत किया पौधारोपण,मेयर अक्षिता सैनी और निगम कमिश्नर ने भी लगाए पौधे*
अंबाला-
पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल ने गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान अंबाला शहर विधानसभा क्षेत्र से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस बार उन्होंने अपने कार्यालय के बाहर स्थित पार्क में बैठकर आमजन से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत फोन कर अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान करवाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई कार्यक्रम में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों ने परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी), बिजली विभाग, नागरिक सुविधाओं सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों को पूर्व मंत्री के समक्ष रखा। असीम गोयल ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल बातचीत की और समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। जंडली क्षेत्र से आए एक परिवार ने फैमिली आईडी से जुड़ी समस्या पूर्व मंत्री के समक्ष रखी। असीम गोयल ने संबंधित अधिकारियों से तुरंत संपर्क कर मामले का समाधान करने के निर्देश दिए ताकि परिवार को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।वहीं भानोखेड़ी गांव से पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली विभाग से संबंधित समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। इस पर असीम गोयल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके अलावा अंबाला शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए अनेक लोगों ने सड़क, पेयजल, सीवरेज, सरकारी योजनाओं तथा अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। पूर्व मंत्री ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए और लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से कराया जाएगा। इस अवसर पर असीम गोयल ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि प्रत्येक नागरिक की शिकायत का प्रभावी और पारदर्शी ढंग से निस्तारण हो सके। इस दौरान नगर निगम की फाइनेंस कमेटी के सदस्य चुने गए पार्षद हितेश जैन और मनीष आनंद ने पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल का आभार व्यक्त किया। इस दौरान मेयर अक्षिता सैनी,निगम कमिश्नर वीरेंद्र सहरावत,मंडल अध्यक्ष मनीष आनंद,मंडल अध्यक्ष गुरविंदर सिंह,दिनेश लदाना,पार्षद राजेश मेहता,हितेश जैन,गुरप्रीत सिंह शाना,मार्किट कमेटी चेयरमैन जसविंदर सिंह भाजपा नेता रितेश गोयल,संजीव गोयल,प्रदीप गुप्ता,मुनीश मल,शेर सिंह नग्गल,मुनीश मंगला,बीनू गर्ग व अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत किया पौधारोपण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर शुरू की गई “एक पेड़ माँ के नाम” मुहिम के तहत आज पूर्व मंत्री असीम गोयल ने अंबाला की मेयर अक्षिता सैनी,नगर निगम कमिश्नर वीरेंद्र सहरावत के साथ मॉडल टाउन में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। असीम गोयल ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में जितने संभव हो उतने पौधे लगाने चाहिए और उन्हें पालकर वृक्ष बनाना चाहिए । पौधा लगाना जितना आवश्यक है उतना ही आवश्यक उसका ध्यान रखना भी है। उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस मुहिम का राष्ट्र स्तर पर बड़ा असर देखने को मिला है।



