सोना-चांदी जेवरात चोरी मामले में सीआईए-2 को मिली बड़ी सफलता, तीसरा आरोपी गिरफ्तार,

आरोपी के घर राजपुरा (पंजाब) से लाखों रुपये के जेवरात और जालंधर से वारदात में प्रयुक्त बाइक की बरामद।
मामले में पहले भी करीब 30 लाख रुपये के गहने किए जा चुके हैं बरामद।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड; पंजाब में भी दर्ज हैं चोरी के कई मामले।
अंबाला पुलिस की सीआईए-2 टीम ने सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोरों के खिलाफ अपनी कार्रवाई को जारी रखते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने डिफेंस कॉलोनी (पंजोखरा साहिब) में हुई सोना चांदी जेवरात चोरी के मामले में संलिप्त तीसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अशोक उर्फ सोका (निवासी डेहा कॉलोनी, राजपुरा, जिला पटियाला, पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
रिमांड अवधि पूरी होने के बाद माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
मामले का विवरण,
जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक (ASI) दलेल सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता श्री विनय गोयल (निवासी डिफेंस कॉलोनी, पंजोखरा साहिब, अंबाला) ने 04 जून 2026 को थाना पंजोखरा साहिब में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 04 जून की दोपहर जब वे किसी काम से बाहर गए थे, तब अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का फायदा उठाकर मुख्य द्वार और अलमारियों के ताले तोड़ दिए। चोरों ने पूरे घर के सामान को खंगाला और घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना पंजोखरा साहिब में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी।
पुलिस कार्रवाई और अब तक की गिरफ्तारियां,
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जिम्मेदारी सीआईए-2 की टीम को सौंपी गई थी। पुलिस ने अपने मजबूत सूचना तंत्र और आधुनिक तकनीक की मदद से कार्रवाई करते हुए पहले ही दो आरोपियों सुनील कुमार उर्फ गोलू और सूरज (निवासी डेहा कॉलोनी, अंबाला) को गिरफ्तार किया था। उनसे करीब 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने बरामद कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।
इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए, सीआईए-2 की टीम ने जाल बिछाकर इस गिरोह के तीसरे सदस्य अशोक उर्फ सोका को धर दबोचा।
बरामदगी और आपराधिक रिकॉर्ड,
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी अशोक उर्फ सोका के घर (राजपुरा, पंजाब) से लाखों रुपये के चोरीशुदा सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गएतथा वारदात के समय इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जालंधर (पंजाब) से बरामद किया है।
आपराधिक इतिहास: जांच में सामने आया है कि आरोपी अशोक उर्फ सोका एक शातिर चोर है, जिसके खिलाफ पहले भी पंजाब के विभिन्न थानों में चोरी से संबंधित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार किए गए तीसरे आरोपी अशोक उर्फ सोका की पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद, पुलिस टीम द्वारा उसे पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत (जेल) भेजने के आदेश जारी किए हैं। मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



