बूथ सशक्त होगा तो संगठन और मजबूत होगा : असीम गोयल


टिफिन बैठक में बूथ सत्यापन और डिजिटल लर्निंग पर रहा फोकस
अंबाला- भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता के निर्देशानुसार मंगलवार को पूरे हरियाणा में सभी शक्ति केंद्रों पर एक साथ “टिफिन बैठक” का आयोजन किया गया। इस संगठनात्मक अभियान का उद्देश्य बूथ स्तर तक पार्टी को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है।
इसी क्रम में अंबाला शहर के बूथ नंबर 89,90 एवं 91 पर आयोजित टिफिन बैठक में पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल ने कार्यकर्ताओं के साथ सहभागिता की। बैठक में बूथ अध्यक्षों, बीएलए, शक्ति केंद्र प्रमुखों तथा अन्य पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और बूथ स्तर पर संगठन जितना मजबूत होगा, पार्टी उतनी ही अधिक प्रभावी ढंग से जनता के बीच अपनी पहुंच बनाएगी।
उन्होंने बताया कि इस बैठक का प्रमुख उद्देश्य बूथ पदाधिकारियों का सत्यापन कर उनके अद्यतन विवरण को सरल पोर्टल पर अपलोड करना है, ताकि संगठन का डेटा पूरी तरह प्रमाणिक, अद्यतन और व्यवस्थित रहे। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को संगठन की डिजिटल कार्यप्रणाली से जोड़ने के लिए डिजिटल लर्निंग पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उन्हें विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं संगठनात्मक ऐप्स के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई, जिससे भविष्य में पार्टी की गतिविधियों का संचालन और अधिक सुचारु एवं तकनीक आधारित हो सके।
असीम गोयल ने कहा कि भाजपा केवल चुनावों के समय सक्रिय होने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि वर्षभर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाने के लिए निरंतर कार्य करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं तथा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहें।
बैठक के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों से लाए गए टिफिन साझा कर संगठन में आपसी आत्मीयता, समर्पण और एकजुटता का संदेश भी दिया। भाजपा की “टिफिन बैठक” का उद्देश्य केवल संगठनात्मक समीक्षा ही नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के बीच संवाद, समन्वय और पारिवारिक वातावरण को और अधिक मजबूत करना भी है।

