
बारिश में फंसी रोडवेज बस से सुरक्षित निकाले यात्री, फतेहाबाद पुलिस बनी फरिश्ता
फतेहाबाद पुलिस हर आपात स्थिति में जनता के साथ खड़ी


-एसएचओ शादी राम और टीम ने जोखिम उठाकर बचाई यात्रियों की जान
टोहाना, 26 अगस्त। फतेहाबाद पुलिस ने एक बार फिर अपने मानवीय रवैये और तत्परता का परिचय दिया है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के सशक्त नेतृत्व में जिला पुलिस न केवल अपराध और नशे के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर रही है, बल्कि हर परिस्थिति में जनता की मदद के लिए तत्पर है। चाहे परीक्षा ड्यूटी हो, कांवड़ यात्रा का आयोजन, बाढ़ राहत कार्य हो या सड़क दुर्घटना में फंसे लोगों को प्राथमिक उपचार देना फतेहाबाद पुलिस हर मोर्चे पर सक्रिय है।
ऐसा ही एक उदाहरण आज सुबह देखने को मिला, जब फतेहाबाद से शहतलाई जाने वाली हरियाणा रोडवेज की एक बस भारी बारिश के कारण जमालपुर शेखां के पास निर्माणाधीन पुल के नीचे जमा पानी में फंस गई। पानी की गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण बस चालक पानी में चला गया और बस वहीं बंद हो गई।
बस में सवार यात्रियों की जान खतरे में थी। बस चालक ने तुरंत 112 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर मदद मांगी। सूचना पाकर थाना सदर टोहाना के एसएचओ उपनिरीक्षक शादी राम अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। बिना हिचकिचाहट और अपनी जान की परवाह किए बिना, उन्होंने बस में सवार सभी महिला एवं पुरुष यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पुलिस की इस तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बच गए। इस घटना ने फतेहाबाद पुलिस की जनता के प्रति समर्पित भावना और सेवा के जज्बे को पुनः प्रमाणित किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने इस कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि फतेहाबाद पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम है, बल्कि हर आपात स्थिति में आम जनता के साथ खड़ी है और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।



