
ट्रेन में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला सांसी चोर गिरोह का सदस्य चढ़ा जीआरपी अंबाला के हत्थे
ट्रेनों में गहनों की चोरी करने वाले सांसी गिरोह के एक सदस्य को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। 10 घंटे के बाद जीआरपी ने ऊना हिमाचल एक्सप्रेस में हुई चोरी की गुत्थी को भी सुलझा लिया है। इसमें चोरी हुए सोने के गहनों सहित नकदी भी बरामद कर ली है।
आरोपी की पहचान जींद निवासी राजेश कुमार के तौर पर हुई है, हालांकि इसके अन्य साथी अभी फरार बताए गए हैं। आरोपी के खिलाफ अंबाला कैंट के जीआरपी थाने में मामला दर्ज करके जांच शुरु कर दी गई है, वहीं आरोपी की शिनाख्त पीड़ित यात्री ने भी कर ली है।
विज्ञापन
पुलिस के जाल में इस तरह पकड़ में आया गिरोह
ऊना हिमाचल एक्सप्रेस में चोरी की घटना के बाद आरोपी चंडीगढ़ चले गए थे। इस दौरान जीआरपी ने पीड़ित के बताए हुलिए के आधार पर मुखबिरों को अलर्ट कर दिया और कुछ देर बाद जीआरपी को जानकारी मिली कि आरोपी अमृतसर से मुंबई जाने वाली पश्चिम एक्सप्रेस में भी चोरी की वारदात को अंजाम दे सकते हैं। इसके बाद तुरंत टीम का गठन किया गया। पश्चिम एक्सप्रेस जैसे ही अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो एक आरोपी को काबू कर लिया गया, हालांकि जांच के दौरान उसके अन्य साथी ट्रेन में कहीं नजर नहीं आए।
यह था मामला
अंबाला छावनी के डिफेंस एन्क्लेव बोह रोड निवासी 60 वर्षीय गुरनाम सिंह ने बताया कि वो इंंदाैर से ट्रेन नंबर 19307 में अंबाला तक सफर कर रहे थे। वो 21 नवंबर को ट्रेन में सवार हुए थे। 22 नवंबर को ट्रेन सुबह चार बजे के करीब जब रेलवे यार्ड में रुकी तो उसी समय पांच से छह युवक कोच में चढ़ गए। जब वो अपना सामान डिब्बे के गेट पर लाए तो उनमें से एक लड़के ने बोला कि अंकल पर बाकी सामान ले आओ और वो उनका सामान उतार देंगे। जब वो अपना बाकी सामान लेने गया तो उसी समय उन्होंने पत्नी का सामान अटैची से चोरी कर लिया। इसमें दो सोने की चुड़ियां, एक सोने की अंगूठी, 12 हजार के करीब नकदी, आधार कार्ड, क्रेडि व डेबिट क्राड, चालक लाइसेंस चोरी हो गया था।
GRP थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सांसी गिरोह के मुख्य सदस्य को पकड़ लिया है। उसने चोरी कबूल ली है। ट्रेन से चोरी हुए सामान की बरामदगी कर ली गई है। आरोपी को रविवार कोर्ट में पेश करके रिमांड मांगा जाएगा ताकि अन्य आरोपियों की धरपकड़ हो सके।
धर्मवीर सिंह, प्रभारी जीआरपी अंबाला।



