
एसडीओ की बोलेरो पर पलटा भूसे से भरा ट्रक, चंद सेकेंड में उजड़ गई जिंदगी; मचा कोहराम
Rampur News: नैनीताल रोड पर पहाड़ी गेट के पास भूसे से भरा ट्रक बिजली विभाग के एसडीओ की बोलेरो पर पलट गया। हादसे में बोलेरो चालक की मौत हो गई, जबकि एक बाइक सवार बाल-बाल बच गया।
नैनीताल रोड पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। पहाड़ी गेट के पास बिजलीघर के सामने भूसे से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बिजली विभाग के एसडीओ की बोलेरो गाड़ी पर पलट गया। इस हादसे में बोलेरो चालक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जबकि घटनास्थल पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सब कुछ खत्म हो चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिलासपुर की ओर से आ रहा भूसे से लदा ट्रक दूसरी साइड में मुड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ट्रक का एक पहिया डिवाइडर पर चढ़ गया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा। भारी भरकम ट्रक पलटते हुए ठीक बगल से गुजर रही बोलेरो पर गिर गया, जिससे गाड़ी पूरी तरह दब गई।



